कॉलेज की लंबित मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे एबीवीपी कार्यकर्ता। संवाद
. छात्र संघ चुनाव, राष्ट्रीय शिक्षा नीति समेत अन्य मांगों को लेकर खोला मोर्चा
. जल्द समस्याएं नहीं सुलझी तो उग्र होगा आंदोलन : रवि
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। एबीवीपी रामपुर इकाई ने कॉलेज की लंबित मांगों को लेकर दूसरे दिन भी हड़ताल जारी रखी। कॉलेज में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याएं नहीं सुलझीं, तो हड़ताल जारी रहेगी और उग्र आंदोलन किया जाएगा। जिला संयोजक रवि वर्मा ने कहा कि प्रदेश स्तरीय मांगों और स्थानीय मुद्दों को लेकर हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। छात्र संघ चुनाव को बहाल करने और राष्ट्रीय शिक्षा नीति को पूर्ण रूप से लागू करने की मांग उठाई जा रही है। इसके अलावा सरदार पटेल विश्वविद्यालय का दायरा बढ़ाने, प्रदेश के निजी विश्वविद्यालयों में हो रहे शिक्षा के व्यापारीकरण को तत्काल रूप से बंद करने और प्रदेश के विश्वविद्यालय एचपीयू/एसपीयू में मूल्यांकन प्रक्रिया को सुदृढ़ करने की मांग उठाई जा रही है, लेकिन सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। वहीं, पुराने स्कूलों को मर्ज और बंद करने वाले निर्णय को वापस लेने और रामपुर पुराने बस अड्डे से कॉलेज परिसर के मुख्यद्वार तक पैदल रास्ते का निर्माण करने समेत कई मांगों को इकाई लंबे समय से उठा रही है। इसके बावजूद सरकार, विश्वविद्यालय और प्रशासन छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं कर रहे हैं। समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। कॉलेज में अध्ययनरत छात्रों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यदि जल्द मांगें पूरी नहीं की गईं, तो भूख हड़ताल जारी रहेगी।