रामपुर बुशहर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) हिमाचल प्रदेश का 46वां अधिवेशन 31 अक्तूबर, 1 और 2 नवंबर को कांगड़ा जिले के गुप्त गंगा में होगा। अधिवेशन में प्रदेशभर से करीब 500 प्रतिनिधि भाग लेंगे। रामपुर जिले से भी 22 कार्यकर्ता अधिवेशन में शामिल होंगे। प्रदेश के 19 संगठनात्मक जिलों की सहभागिता इस अधिवेशन को विशेष बनाएगी। इसमें लघु हिमाचल दर्शन भी देखने को मिलेगा। जिला संयोजक रवि वर्मा ने कहा कि अधिवेशन स्थल पर लगाई जाने वाली प्रदर्शनी में संगठन की ओर से किए गए शैक्षिक, रचनात्मक और आंदोलनात्मक कार्यों का विस्तृत चित्रण प्रस्तुत किया जाएगा। प्रदेश मंत्री अपने वार्षिक मंत्री प्रतिवेदन के माध्यम से वर्षभर की गतिविधियों का विवरण अधिवेशन में प्रस्तुत करेंगे। अधिवेशन में नए प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश मंत्री का चयन किया जाएगा। अधिवेशन में केंद्र, प्रदेश और क्षेत्रीय स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। जिला कांगड़ा के कार्यकर्ता डेढ़ माह से अधिवेशन की तैयारियों में जुटे हुए हैं।