रामपुर बुशहर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की रामपुर इकाई ने राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस और 78वें स्थापना दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में युवाओं को राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। सिग्मा स्कूल ऑफ साइंस के प्रबंध निदेशक अतुल टंडन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक पवन ने मुख्य वक्ता के तौर पर कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में एबीवीपी इकाई के 78 वर्ष पूरे होने पर एक विशेष डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। मुख्य वक्ता पवन ने विद्यार्थी जीवन के आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। पवन ने एबीवीपी की स्थापना से लेकर अब तक के संगठनात्मक सफर और उपलब्धियों को भी साझा किया। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित, समाजसेवा और चरित्र निर्माण के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि अतुल टंडन ने परिषद के स्थापना दिवस पर सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व भी निभाना चाहिए। इस अवसर पर एबीवीपी रामपुर के विभाग संयोजक रवि वर्मा और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमन वर्मा सहित कई कार्यकर्ता और विद्यार्थी मौजूद रहे।