एबीवीपी रामपुर विधायक को कॉलेज की विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा: एबीवीपी
सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष को कॉलेज की विभिन्न समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) रामपुर इकाई ने शुक्रवार को सातवें वित्त आयोग अध्यक्ष एवं विधायक नंद लाल को महाविद्यालय की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। जिला संयोजक रवि वर्मा ने बताया कि महाविद्यालय में पत्रकारिता एवं जनसंचार, कंप्यूटर साइंस, एमएससी भौतिक विज्ञान और एनवायरमेंट साइंस विभाग के शिक्षकों के पद रिक्त पड़े हैं। पिछले चार महीनों से महाविद्यालय परिसर में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में शिक्षकों के पद रिक्त पड़े हैं। इस कारण विभाग में नामांकित लगभग 20 से अधिक विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पुराने बस अड्डे से महाविद्यालय परिसर तक फुटपाथ के निर्माण की मांग रखी। परिषद ने कहा कि मार्ग से प्रतिदिन हजारों विद्यार्थी आवाजाही करते हैं। राष्ट्रीय उच्च मार्ग-पांच पर वाहनों की आवाजाही अधिक होती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। परिषद ने महाविद्यालय के जनजातीय छात्रावास की जर्जर स्थिति पर चिंता व्यक्त की और मरम्मत करने के लिए धनराशि स्वीकृत करने की मांग उठाई। अंतरराष्ट्रीय लवी महोत्सव के बाद खेल मैदान की मरम्मत के बजट में 10 से 15 प्रतिशत की वृद्धि और महाविद्यालय कैंटीन की शीघ्र मरम्मत की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि विधायक ने विद्यार्थियों को आश्वासन दिया।