सातरा सर्विसेज एंड सॉल्यूशन्स कंपनी
इंस्ट्रूमेंटल म्यूजिक और राष्ट्रीय लोक नृत्य प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई प्रतिभा
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। भोपाल और ग्वालियर में संपन्न इंस्ट्रूमेंटल म्यूजिक और राष्ट्रीय लोक नृत्य प्रतियोगिता में पीएमश्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी के छात्रों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से देशभर से आए प्रतिभागियों की वाहवाही बटोरी है। हाल ही में भोपाल में विद्यालय की टीम ने हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए शिक्षक वेद प्रकाश नेगी के मार्गदर्शन में बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र अरमान, रुद्र, प्रताप, अनुज, 11वीं कक्षा से प्रियांशु और 12वीं कक्षा से आर्यन ने स्थानीय वाद्ययंत्रों की धुनों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। ग्वालियर में संपन्न राष्ट्रीय लोकनृत्य प्रतियोगिता में नौवीं कक्षा के उमेश, ललित, क्षितिज, चिराग, रवि और अनिक ने बदलते पारिवारिक मूल्य थीम पर अभिनय कर ज्यूरी के सदस्यों की वाहवाही बटोरी। राष्ट्रीय लोक नृत्य प्रतियोगिता में तीसरी बार और कला उत्सव में दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय ने हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। ग्वालियर में संपन्न राष्ट्रीय लोकनृत्य प्रतियोगिता में एनसीईआरटी की ओर से छात्रों और एस्कॉर्ट टीचर्स को राष्ट्रीय प्रतीक सत्यमेव जयते से चिह्नित वॉटर बॉटल, एक-एक बैग और प्रतिभागिता प्रमाणपत्र देकर नवाजा। राष्ट्रीय लोक नृत्य की थीम बदलते पारिवारिक मूल्यों की पटकथा विद्यालय के प्रवक्ता अंग्रेजी श्यामानंद ने लिखी और कोरियोग्राफर की भूमिका में शास्त्री आशा देवी ने निभाई। विद्यालय की इन उपलब्धियों और छात्रों की प्रतिभा को देखते हुए शिक्षा उपनिदेशक क्वालिटी कुल्लू और 2024 के राज्य पुरस्कार से सम्मानित डॉ. सुनील दत्त, प्रधानाचार्य अमरचंद चौहान, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रमेश चंद, वरिष्ठ प्रवक्ता अनीता कौशल, राज्य पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक कुंदन शर्मा, डोलाराम शर्मा, यामिनी शर्मा सहित सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों एवं एस्कॉर्ट शिक्षकों को बधाई दी।
सातरा सर्विसेज एंड सॉल्यूशन्स कंपनी