आनी-पनेऊ बस सेवा बहाल करने की मांग को लेकर एसडीएम आनी को सौंपा ज्ञापन। संवाद
. ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर बस रूट को बहाल करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी-पनेऊ मार्ग पर कई महीनों से हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस सेवा बंद है। बस सेवा को बहाल करने की मांग को लेकर क्षेत्र की ग्रामीणों ने वीरवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। क्षेत्र के अधिवक्ता रूपेंद्र सिंह ने बताया कि बरसात के दौरान बंद हुई यह बस सेवा अभी तक बहाल नहीं हो पाई है। मौसम अब सामान्य हो चुका है और सड़क यातायात के लिए पूरी तरह उपयुक्त है। ग्रामीणों का कहना है कि बस सेवा बंद होने से क्षेत्र के 15 गांकों के ग्रामीण भारी परेशानी झेल रहे हैं। स्कूल और कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं, नौकरीपेशा लोग, बुजुर्ग, महिलाएं और नियमित स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आने-जाने वाले मरीज सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है और शैक्षणिक, स्वास्थ्य, आर्थिक और सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। अब सड़क पर कोई बड़ी तकनीकी बाधा नहीं है, तो ऐसे में बस सेवा को तुरंत बहाल कर ग्रामीणों को राहत पहुंचाई जानी चाहिए। ग्रामीणों ने एसडीएम से मांग की है कि आनी-पनेऊ बस सेवा को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए जाएं। यदि सड़क पर किसी प्रकार का मरम्मत कार्य लंबित है, तो संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं। ग्रामीणों ने आशा जताई है कि प्रशासनिक हस्तक्षेप से जल्द ही बस सेवा बहाल होगी और क्षेत्र की जनता को राहत मिलेगी।