आनी (कुल्लू)। राजकीय महाविद्यालय आनी के बीए हिंदी तृतीय वर्ष के छात्रों ने एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया। छात्रों ने निरमंड के प्राचीन एवं ऐतिहासिक गांव बागा सराहन का दौरा कर इतिहास जाना। सहायक प्रो. निर्मल सिंह शिवांश ने बताया कि छात्रों ने प्राचीन गांव बागा सराहन पहुंचकर लोक संस्कृति और लोक साहित्य के विविध पहलुओं का अवलोकन किया। छात्रों ने बागा सराहन गांव के बुजुर्गों और लोकविदों से लोकगीतों, लोकगाथाओं के संबंध में जानकारी जुटाई। गांव के रीति- रिवाजों, देव परंपराओं और लोक परंपराओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। छात्रों ने स्थानीय देवता बूढ़ा सरौहणी और प्रसिद्ध झीरू पर्व की ऐतिहासिक एवं पौराणिक पृष्ठभूमि को समझा। महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. नरेंद्र पॉल ने छात्रों के बहुमुखी विकास के लिए हिंदी विभाग के इस प्रकार के प्रयासों की सराहना की।