रिकांगपिओ (किन्नौर)। प्रदेश में स्मार्ट मीटर योजना को लेकर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। आम आदमी पार्टी किन्नौर के अध्यक्ष मनीष कुमार नेगी ने इस योजना को स्मार्ट मीटर नहीं, बल्कि स्मार्ट लूट करार दिया है। उन्होंने प्रदेश सरकार और बिजली बोर्ड के इस कदम की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि यह जनता पर सीधा आर्थिक हमला है। मनीष कुमार नेगी ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगातार शिकायतें आ रही हैं कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली के बिल अचानक बढ़ गए हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली की खपत पहले जितनी ही है, लेकिन मीटर अधिक यूनिट दिखा रहे हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि इन मीटरों की तकनीकी व्यवस्था और कैलिब्रेशन में गंभीर गड़बड़ी है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी और दूरदराज के क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या के कारण डेटा ट्रांसमिशन फेल हो रहा है और प्रीपेड सिस्टम की वजह से बैलेंस कम होते ही रात के समय भी बिजली कट जाती है, जिससे आम जनता को भारी मानसिक और आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। जिला अध्यक्ष ने किन्नौर की स्थिति पर विशेष चिंता जताते हुए कहा कि जिले में दर्जनों जल विद्युत परियोजनाएं होने के बाद भी स्थानीय लोगों को बिजली दरों में कोई राहत नहीं मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने केवल जिले के जल, जंगल और जमीन का दोहन किया है, जबकि कायदे से किन्नौर के हर घर को मुफ्त बिजली मिलनी चाहिए थी। उन्होंने सरकार से मांग की है कि स्मार्ट मीटर योजना और जबरन प्रीपेड सिस्टम को तुरंत रोका जाए, गलत बिलों को ठीक किया जाए और पहाड़ी क्षेत्रों की परिस्थितियों को देखते हुए इस योजना पर पुनर्विचार किया जाए। आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने यह तानाशाही फैसला वापस नहीं लिया और जनता की आवाज नहीं सुनी, तो पार्टी सड़क पर उतरकर एक बड़ा जन आंदोलन शुरू करेगी।