मुख्यमंत्री सहारा योजना के लाभार्थियों को अप्रैल और सितंबर में अपलोड करने होंगे जरूरी दस्तावेज
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा (रोहड़ू)। सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए लाभार्थियों को अपने बैंक या डाकघर बचत खातों की आधार सीडिंग करवाना अनिवार्य होगा। जिला कल्याण अधिकारी कपिल देव शर्मा ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत पेंशन की राशि ऑनलाइन माध्यम से सीधे आधार लिंक्ड बैंक खातों में भेजी जा रही है। ऐसे में जिन लाभार्थियों ने अभी तक अपने बैंक या डाकघर खातों को आधार से लिंक नहीं करवाया है, वे जल्द यह प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि उन्हें पेंशन की राशि प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सहारा योजना के लाभार्थियों को भी योजना का लाभ लगातार प्राप्त करने के लिए वर्ष में दो बार जरूरी दस्तावेज विभागीय पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। इसके लिए प्रत्येक वर्ष अप्रैल और सितंबर माह में दस्तावेज जमा करवाना अनिवार्य है। इनमें छह माह का जीवन प्रमाणपत्र, बीपीएल अथवा आय प्रमाणपत्र और दीर्घकालीन उपचार का उल्लेख करने वाला सत्यापित चिकित्सा प्रमाणपत्र शामिल है। जिला कल्याण अधिकारी ने सभी पेंशनधारकों और मुख्यमंत्री सहारा योजना के लाभार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर लें। इससे योजनाओं के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता जारी रखने में किसी तरह की बाधा नहीं आएगी। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए लाभार्थी अपनी नजदीकी तहसील या जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।