रोहड़ू। जुब्बल क्षेत्र में पुलिस ने एक युवती को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस थाना जुब्बल की टीम ने एनएच-705 पर बाउली नाला क्षेत्र में गश्त के दौरान की। पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान संदेह के आधार पर युवती की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 13.46 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने युवती को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला नशा तस्करी से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती से पूछताछ जारी है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि वह नशे की खेप कहां से लाई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। जांच की जा रही है कि कहीं युवती किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से तो नहीं जुड़ी हुई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।