जान बचाने के लिए नंगे पांव घर से भागे दंपती, जीवनभर की कमाई स्वाह
विज्ञापन
प्रारंभिक जांच के अनुसार, आग बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी संवाद न्यूज एजेंसी नेरवा (रोहड़ू)। तहसील नेरवा की धनत पंचायत के हिराह गांव में बुधवार रात को भीषण अग्निकांड हुआ। इस घटना में काष्ठकुणी शैली में बना एक दो मंजिला मकान पूरी तरह जल गया। प्रारंभिक जांच के अनुसार, आग बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी, जिससे एक परिवार बेघर हो गया। बुधवार रात करीब 11 बजे दुला राम अपनी पत्नी के साथ निचली मंजिल में सोए हुए थे। आग मकान की ऊपरी मंजिल में भड़की और तेजी से फैल गई। धुआं और लपटें निचली मंजिल तक पहुंचने पर दंपती की नींद खुली। गांव के निवासी सोहन शर्मा ने बताया कि घबराहट में दोनों नंगे पांव घर से बाहर भागे। आग इतनी विकराल थी कि उन्हें जूते पहनने का भी मौका नहीं मिला। वे दोबारा घर के भीतर प्रवेश नहीं कर सके। दुला राम की जीवनभर की कमाई राख हो गई। दुला राम गांव की प्राथमिक पाठशाला में खिचड़ी बनाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। इस घटना में घर का सारा सामान नष्ट हो गया। परिवार अब खुले आसमान के नीचे आ गया है। नेरवा के तहसीलदार कुश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट पाया गया है। अग्निकांड में लकड़ी से बना चार कमरों का दो मंजिला मकान पूरी तरह नष्ट हो गया है। प्रशासन ने प्रभावित परिवार को तत्काल राहत दी है। इसमें 10 हजार रुपये नकद, चार कंबल और एक तिरपाल शामिल हैं। मामला सरकार को भेजा जा रहा है। राहत मैन्युअल के प्रावधानों के अनुसार प्रभावित परिवार को आगे भी आर्थिक सहायता मिलेगी। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीण प्रभावित परिवार की सहायता के लिए आगे आ रहे हैं। वे हर संभव मदद देने का प्रयास कर रहे हैं।
नेरवा तहसील के हिराह गांव में बीती रात हुए अग्निकांड में जला मकान। संवाद