तकलेच स्कूल में दो दिवसीय इंटर हाउस वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता करवाई गई
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। पीएमश्री राजमाता शांति देवी मेमोरियल राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तकलेच में दो दिवसीय इंटर हाउस वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें छात्र और छात्रा खिलाड़ियों ने वॉलीबाल, कबड्ड़ी और ऊंची कूद समेत कई खेलों में दमखम दिखाया। पहले दिन प्रतियोगिता के शुभारंभ पर वरिष्ठ प्रवक्ता अजित सिंह ने पाठशाला के चारों सदन से मार्च पास्ट की सलामी ली। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद की गतिविधियां भी अनिवार्य हैं। ऐसी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों को बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए। पहले दिन वाॅलीबाल, कबड्ड़ी, बैडमिंटन खेलों में खिलाड़ियों ने भाग लिया। दूसरे दिन खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ पाठशाला के कार्यवाहक प्रधानाचार्य नेक राम चौहान ने किया। प्रतियोगिता में 100, 200 मीटर दौड़ में खिलाड़ियों ने पसीना बहाया। इसके अलावा लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट और डिस्कस थ्रो में खिलाड़ियों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रधानाचार्य नेक राम चौहान ने बताया कि पढ़ाई के साथ खेलकूद की गतिविधियां भी अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेना चाहिए, ताकि उनका शारीरिक विकास के साथ मानसिक विकास भी हो सके। इस मौके पर पाठशाला के सभी अध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
तकलेच स्कूल में आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेते खिलाड़ी। स्रोत : स्कूल प्रबंधन