रामपुर बुशहर। रामपुर में एक महिला से पर्स और मोबाइल छीनने के मामले में पुलिस ने आरोपी को कुछ ही घंटे में दबोच लिया है। पुलिस थाना रामपुर में शिकायतकर्ता कोलकाता निवासी 54 वर्षीय गुंजन ने शिकायत दर्ज करवाई कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उसका पर्स छीन लिया, जिसमें मोबाइल फोन और कुछ नकद राशि थी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही रामपुर पुलिस की टीम ने तत्काल कार्रवाई की और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस की टीम ने कुछ घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान शिमला जिला की रामपुर तहसील के रून गांव निवासी 46 वर्षीय राजवीर सिंह के रूप में हुई है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस थाना रामपुर में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।