संबंधित वार्ड सदस्य के व्हाट्सऐप नंबर पर भेजना होगा नाम
पंचायत स्तर पर विशेष शिविर भी होगा आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। सरपारा पंचायत में वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए आधार कार्ड अपडेट करवाने की विशेष व्यवस्था की जा रही है। इसके तहत वृद्धावस्था अथवा शारीरिक असमर्थता के कारण घर से बाहर निकलने में असमर्थ बुजुर्गों के आधार कार्ड घरद्वार पर ही अपडेट करवाए जाएंगे। इसके लिए पंचायत की ओर से विशेष सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। सरपारा पंचायत के प्रधान इंद्र खुराना ने बताया कि पंचायत क्षेत्र के ऐसे वरिष्ठ नागरिक, जिनका आधार कार्ड अपडेट होना शेष है या जो अभी तक इस सुविधा का लाभ नहीं ले पाए हैं, वे 15 नवंबर तक अपना नाम संबंधित वार्ड सदस्य के व्हाट्सऐप नंबर पर भेजें। इससे आगामी कार्रवाई समयबद्ध और सुचारु रूप से की जा सकेगी। इसके अतिरिक्त पंचायत स्तर पर भी आधार कार्ड अपडेट करवाने के लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा। पंचायत का प्रयास है कि कोई भी पात्र वरिष्ठ नागरिक इस सुविधा से वंचित न रहे। पंचायत ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे पात्र बुजुर्गों की जानकारी समय रहते संबंधित वार्ड सदस्य तक पहुंचाएं ताकि जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को घरद्वार पर ही सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।