विश्व पर्यटन दिवस पर मेरा गांव, मेरी पहचान पर होगी चित्रकला प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)।
विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर हिम संस्कृति संस्था आनी की ओर से विद्यार्थियों को स्थानीय संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य, पर्यटन और विरासत के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत 23 से 27 सितंबर तक विद्यालय और महाविद्यालय स्तर के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता करवाई जाएगी। प्रतियोगिता का मुख्य विषय मेरा गांव, मेरी पहचान रखा गया है। इसके तहत आनी विकासखंड की प्रत्येक पंचायत के गांवों की प्राकृतिक सुंदरता, स्थानीय संस्कृति, परंपराओं, विरासत और पर्यटन की संभावनाओं को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। हिम संस्कृति संस्था के अध्यक्ष शिव राज शर्मा ने बताया कि चित्रकला प्रदर्शनी के माध्यम से क्षेत्र की स्थानीय संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य को व्यापक स्तर पर सामने लाने के साथ पर्यटन एवं स्थानीय विरासत को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, विद्यार्थियों और युवाओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान किया जाएगा। संस्था ने विद्यार्थियों से इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।