जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। हिमाचल प्रदेश मिल्क फेड के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने रविवार को आनी क्षेत्र की कराणा स्थित दुग्ध उत्पादक सहकारी सभा का निरीक्षण किया। इस दौरान बुद्धि सिंह ठाकुर ने बताया कि श्वाड क्षेत्र में 10 हजार लीटर से अधिक क्षमता वाला आधुनिक चिलिंग प्लांट बनाया जाएगा। इस योजना पर कार्य चल रहा है। इसके लिए उपयुक्त भूमि का चयन किया जा रहा है। यह प्लांट बनने से करीब 15 पंचायतों के किसानों का दूध वहीं एकत्र होगा। इससे हरिपुर चिलिंग प्लांट पर पड़ रहा अतिरिक्त दबाव भी कम होगा। इस दौरान मिल्क फेड के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने किसानों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने दुग्ध संग्रहण व्यवस्था, सोसायटी भवन और बल्क मिल्क कूलर प्लांट का जायजा लिया। किसानों ने अध्यक्ष को बताया कि कराणा में स्थापित दो हजार लीटर क्षमता वाले बल्क मिल्क कूलर प्लांट की एजीटेटर मोटर पिछले पांच दिनों से खराब है। इससे दूध के संरक्षण में दिक्कतें आ रही हैं। दूध खराब होने की आशंका भी बनी हुई है। इस पर बुद्धि सिंह ठाकुर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि नई मोटर जल्द उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे दुग्ध संग्रहण व्यवस्था सुचारु हो सकेगी। ठाकुर ने किसानों से गुणवत्ता युक्त दूध ही सोसायटी में लाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मिल्क फेड किसानों को उनके दूध का बेहतर मूल्य देने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों ने अन्य गांवों की सुविधा के लिए नए दूध संग्रहण केंद्र की स्थापना में सहयोग की मांग रखी। इस पर अध्यक्ष ने कहा कि यदि भूमि उपलब्ध कराई जाती है तो मिल्क फेड इस दिशा में हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि हरिपुर चिलिंग प्लांट की क्षमता बढ़ाने की योजना पर भी कार्य किया जाएगा।