. माईपुल में मकर संक्रांति पर्व पर भारी संख्या में उमड़े श्रद्धालु
विज्ञापन
. सुबह तड़के ही गिरि गंगा में हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी . तुला दान करने वालों को करना पड़ा लंबा इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। माईपुल में मकर संक्रांति पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गिरि गंगा में स्नान के लिए पहुंचे। मान्यता है कि माईपुल में गिरि गंगा में स्नान करना गंगा नदी में स्नान के समान फलदायी होता है। इसी कारण इस स्थान को एक महत्वपूर्ण तीर्थ स्थल माना जाता है। भूतेश्वर महाराज के शाही स्नान के बाद ही श्रद्धालुओं के लिए स्नान की प्रक्रिया शुरू हुई। जैसे ही शाही स्नान संपन्न हुआ। गिरि गंगा के तट पर हर हर महादेव और जय भूतेश्वर महाराज के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। सुबह होते ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ तट पर उमड़ पड़ी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बारह संक्रांतियों में माघ माह की संक्रांति का विशेष महत्व है। इस दिन स्नान, दान और पुण्य कर्म करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के चलते बड़ी संख्या में लोग तुलादान के लिए भी पहुंचे, जिन्हें अपनी बारी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। गिरि गंगा में स्नान को लेकर आयोजन समिति ने विशेष प्रबंध किए थे। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्नान स्थलों को व्यवस्थित किया गया। वहीं, प्रशासन ने यातायात व्यवस्था और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की थी। श्रद्धालुओं के लिए समिति ने विशाल भंडार भी लगाया, जिसमें दूरदराज से आए लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। साथ ही रात्रि विश्राम के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए थे, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ठियोग के माईपुल में मकर संक्रांति पर्व पर स्नान करने पहुंचे श्रद्धालु। संवाद
ठियोग के माईपुल में मकर संक्रांति पर्व पर स्नान करने पहुंचे श्रद्धालु। संवाद