ठियोग(रामपुर बुशहर)। सिविल अस्पताल ठियोग में 4 सितंबर से चार दिवसीय निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। शिविर का आयोजन रोटरी क्लब ठियोग की ओर से किया जा रहा है। क्लब अध्यक्ष संजय सूद ने कहा कि शिविर के पहले दिन आने वाले लोगों का पंजीकरण किया जाएगा। इसके बाद पालमपुर रोटरी क्लब विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ठियोग पहुंचेगी, जो मरीजों की आंखों की जांच करेगी। शिविर में सफेद मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों के ऑपरेशन निशुल्क किए जाएंगे। नेत्र जांच, आवश्यक दवाइयां और चश्मे मरीजों को निशुल्क उपलब्ध करवाए जाएंगे। संजय सूद ने क्षेत्रवासियों से स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। रोटरी क्लब ठियोग की यह पहल क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।