शिमला में शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह से मिलता नगर परिषद रामपुर का प्रतिनिधिमंडल। स्रोत
कार्यकारी अधिकारी का पद भरने सहित समस्याओं और विकास कार्यों पर हुआ मंथन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। नगर परिषद रामपुर के अध्यक्ष करण शर्मा की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह से औपचारिक मुलाकात की। अध्यक्ष बनने के बाद मंत्री से उनकी यह पहली औपचारिक भेंट थी। इस दौरान नगर परिषद के पार्षद और स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्य भी मौजूद रहीं। इस दौरान रामपुर शहर की विभिन्न समस्याओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। नगर परिषद में करीब डेढ़ महीने से कार्यकारी अधिकारी (ईओ) का पद रिक्त होने का मामला प्रमुखता से उठाया गया। अध्यक्ष करण शर्मा ने कहा कि अधिकारी का पद खाली होने से नगर परिषद के प्रशासनिक कार्यों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शहर के विकास कार्यों और परिषद के कामकाज को सुचारु बनाए रखने के लिए जल्द किसी अधिकारी को ईओ का अतिरिक्त कार्यभार सौंपने का आग्रह किया। करण शर्मा ने कहा कि मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि रामपुर का विकास, जनहित से जुड़े कार्य और शहर की समस्याओं का समाधान नगर परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इन उद्देश्यों को लेकर शहर के हित में निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।