देवता नरेशर लक्ष्मी नारायण मंदिर कुमसू में आयोजित बैठक के दौरान मौजूद ग्रामीण। संवाद
बैठक में श्रीमद् भागवत कथा और देवठी दौरे को लेकर बनाई रूपरेखा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। शलाटी घोड़ी के अधिष्ठाता देवता नरेशर लक्ष्मी नारायण कुमसू 15 मई को 12/20 क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे। देवता साहिब छिज्जा कालेश्वर मंदिर देवठी में पहुंच कर बिरशी मेले की शोभा बढ़ाएंगे। अधिष्ठाता देवता साहिब नरेशर लक्ष्मी नारायण कुमसू लाव-लश्कर के साथ अपने मंदिर से रवाना होंगे। रविवार को देवता साहिब लक्ष्मी नारायण मंदिर न्यास कमेटी कुमसू की बैठक अध्यक्ष जीवन चौहान की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शलाटी घोड़ी के ग्रामीणों ने भाग लिया। देवता साहिब के 12/20 क्षेत्र के दौर को लेकर चर्चा की गई। मंदिर में श्रीमद् भागवत कथा आयोजन को लेकर मंथन किया गया। सभी के सहयोग से देवता साहिब के दौरे और श्रीमद् भागवत कथा के आयोजन को लेकर रूपरेखा बनाई गई। देवता साहिब लक्ष्मी नारायण मंदिर न्यास कमेटी कुमसू के अध्यक्ष जीवन चौहान ने बताया कि आराध्य देवता नरेशर के आदेशानुसार मंदिर परिसर कुमसू में श्रीमद् भागवत कथा के आयोजन को लेकर बैठक की गई। बैठक में उपस्थित सभी लोगों से विचार-विमर्श के बाद अक्तूबर माह में मंदिर में श्रीमद् भागवत कथा आयोजित करने का फैसला लिया गया है। देवता साहिब के आदेशानुसार कथा के लिए जल्द तिथि निर्धारित की जाएगी। बैठक में देवता साहिब कालेश्वर छिज्जा देवठी 12/20 के बिरशी मेले में देवता साहब के निमंत्रण पत्र पर चर्चा की गई। यह मेला देवठी में 15 मई को देवता साहिब छिज्जा कालेश्वर मंदिर परिसर में मनाया जाएगा। बैठक में मौजूद सभी ग्रामीणों से चर्चा के बाद मंदिर कमेटी ने दौरे को लेकर हामी भरी है।