रोहड़ू। शिलान्यास के दो साल बीतने के बाद भी रोहड़ू बखीरना पुल का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। तीन पंचायतों के लोगों ने भाजपा सरकार को चेतावनी दी विधानसभा चुनाव में इसका करारा जवाब मिलेगा। विधानसभा उपचुनाव के दौरान मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने रोहड़ू बखीरना के बीच पब्बर नदी पर पुल की आधारशिला रखी थी। इस पर करीब नौ करोड़ रुपये के बजट का ऐलान किया गया था। विधानसभा उपचुनाव के बाद पुल का निर्माण अभी तक शुरू नहीं हुआ है। लोअर कोटी पंचायत की प्रधान कमलेश ठाकुर, शेखल पंचायत की प्रधान गुड्डी देवी, नरेश, अमित रूपटा, जय कृष्ण, सुनील, सोहन सिंह तथा चैन राम का कहना है कि मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने विधानसभा उपचुनाव के दौरान लोगों को गुमराह किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं को लोअरकोटी, बागी तथा शेखल पंचायतों में वोट मांगने का कोई हक नहीं है। उन्होंने कहा कि शिलान्यास का पत्थर भी यहां से शिमला सचिवालय भेजा जाएगा। रोहड़ू के विधायक खुशी राम बालनाटाह इस मामले को दो बार विधानसभा के भीतर उठा चुके हैं। वह इस मामले में पहले भी प्रतिक्रिया व्यक्त कर चुके हैं कि उन्होंने लोगों की आवाज को विधानसभा में उठाया है।