चौपाल उत्सव में होगी महिला कबड्डी प्रतियोगिता
एक से तीन जून तक होगा उत्सव का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
चौपाल। तहसील मुख्यालय चौपाल में आयोजित होने वाले हरि सिंह मेमोरियल टूर्नामेंट (चौपाल उत्सव) के आयोजन के लिए स्पोर्ट्स क्लब चौपाल की बैठक वीरवार को आयोजित की गई। अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष रजनीश किमटा ने की। बैठक में निर्णय लिया गया कि हर वर्ष की तर्ज पर इस वर्ष चौपाल उत्सव का आयोजन एक से तीन जून तक किया जाएगा। सभी सदस्यों की आम सहमति के बाद निर्णय लिया गया कि उत्सव में उत्तर भारत स्तरीय पुरुष वर्ग में वॉलीबाल और महिला वर्ग में कबड्डी प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता में बैडमिंटन और चेस के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। इस बार प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण उत्तर भारत स्तर की महिला कबड्डी प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री को बुलाने का प्रस्ताव पारित किया गया। क्लब की अगली बैठक 20 अप्रैल को विधायक बलबीर वर्मा तथा सभी विभागों के अधिकारियों के साथ होगी। बैठक में स्पोर्ट्स क्लब के चीफ पैट्रन आरएल किमटा, पूर्व अध्यक्ष जगदीश जिंटा, क्लब के महासचिव गिरीश ठाकुर, लायक राम शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता बलबीर झगटा, देवेंद्र शर्मा, सुरेंद्र मोहन मेहता, सबला राम चौहान, सीता राम जस्टा, देवदत्त शर्मा, विनोद शर्मा, संजय चौहान, केश्व राम, बेबी कांटा, जिला परिषद सदस्य बीन पोटन, रविंद्र मेहता, प्रधान ग्राम पंचायत देवत शांता जंदेव, भाजपा नेता सीमा मेहता, दीपक चंदेल, प्रधान ठाना प्रताप शर्मा, प्रधान झिना सुनील मेहता, हीरा लाल शर्मा, गोपाल मेहता, राम लाल चौहान, भरत भूषण, राजेंद्र झरटा, व्यापार मंडल प्रधान राजेश चंदेल, राजेंद्र शर्मा सहित सभी क्लब के सदस्य उपस्थित थे।