आनी अस्पताल में मिलेगी अल्ट्रासाउंड सुविधा
12 से विस क्षेत्र का दौरा करेंगे विधायक किशोरी लाल
भाजपा मंडल आनी की मासिक बैठक में करेंगे शिरकत
अमर उजाला ब्यूरो
आनी (कुल्लू)। विधायक किशोरी लाल सागर 12 सितंबर से आनी विस क्षेत्र के चार दिवसीय दौरे के दौरान लोगों की समस्याएं सुनेंगे। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अमर ठाकुर भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। भाजपा मीडिया संयोजक हरीश शर्मा के अनुसार विधायक किशोरी लाल और भाजपा मंडल अध्यक्ष अमर ठाकुर 12 सितंबर को कोठी में और 13 सितंबर को दुराह में आयोजित होने जा रही खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वे जनता की समस्याएं भी सुनेंगे। 14 सितंबर को 10:30 बजे आनी अस्पताल में आधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन का विधिवत शुभारंभ भी किया जाएगा। 14 सितंबर को दिन में 1 बजे विधायक किशोरी लाल सागर दलाश मेले और वॉलीबाल प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ करेंगे। 15 सितंबर को गरीब महिलाओं को उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाले रसोई गैस कनेक्शन आवंटित करेंगे। इसके बाद भाजपा मंडल आनी की मासिक बैठक में शिरकत करेंगे।