भावानगर (किन्नौर)। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रगतिशील हिमाचल स्थापना के 75 वर्ष कार्यक्रम के दौरान टापरी के समीप छोल्टू में विधानसभा क्षेत्र को 62 करोड़ रुपये की लागत के 23 योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास करके सौगात दी। इस दौरान जिला प्रशासन और भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस अवसर पर 42.15 करोड़ रुपये की 18 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण किए। इसमें तहसील सांगला की रिशवाल में 56 लाख रुपये की जलापूर्ति योजना सांगला कंडा, होलदो नाला से रिस्पा गांव के लिए सिंचाई योजना का 1.42 करोड़ रुपये के जीर्णोद्धार कार्य, तहसील मूरंग की ग्राम पंचायत जंगी में जंगी विश्राम गृह से खारोडो ऑर्चड के लिए 1.25 करोड़ रुपये की सिंचाई योजना जनता को समर्पित की।
अकपा उपमंडल में 70 लाख रुपये लागत के सहायक अभियंता कार्यालय और आवास, रूकटी (सांगला) में 1.66 करोड़ रुपये का 22 केवी नियंत्रण प्वाइंट, डुमटी में सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्युतीकरण के लिए तीन करोड़ रुपये की लागत से 22 केवी एचटी लाइन कार्य का लोकार्पण किया। ऋषि डोगरी में सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्युतीकरण के लिए 2.47 करोड़ रुपये की 22 केवी एचटी लाइन, लुकमा-1 में सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्युतीकरण के लिए 56 लाख रुपये की 22 केवी एचटी लाइन, लुकमा-2 में सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्युतीकरण के लिए 98 लाख रुपये की 22 केवी एचटी लाइन, सांगला में 93 लाख रुपये की बहुउद्देश्यीय पार्किंग जनता को समर्पित की।
एक करोड़ रुपये की लागत से निगुलसरी स्कूल भवन, निचार में 3.56 करोड़ रुपये के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में छात्रा छात्रावास, 11 करोड़ रुपये लागत की चौड़ा मजगांव (रूपी) सड़क, काठी में 4.12 करोड़ रुपये लागत की देवी चंडिका राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, रारंग में चार करोड़ रुपये लागत का स्कूल भवन जनता को समर्पित किया। असरंग में 2.33 करोड़ रुपये का राजकीय उच्च विद्यालय, पूह में 1.42 करोड़ रुपये लागत का बस अड्डा और रिकांगपिओ में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के लिए 1.20 करोड़ रुपये लागत के टाइप-2 आवास का लोकार्पण किया।
इन योजनाओं के किए शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने 19.84 करोड़ रुपये की पांच विकासात्मक परियोजनाओं के शिलान्यास भी किए। इनमें तहसील कल्पा में रिकांगपिओ और समीप के क्षेत्रों के लिए 15.54 करोड़ रुपये के जलापूर्ति योजना के स्रोत सुदृढ़ीकरण का कार्य, ग्राम पंचायत निचार में ईएमआरएस स्कूल निचार के लिए 1.13 करोड़ रुपये लागत का मल निकासी संयंत्र, ग्राम पंचायत असरंग में स्टेजिंग हट का 1.30 करोड़ रुपये का पुन निर्माण कार्य, पंचायत पूह में 98 लाख रुपये की लोअर पूह कूहल सिंचाई योजना और पंचायत पूह में सिंचाई योजना, पूह कुलह में 89 लाख रुपये की लागत से कमांद एरिया विकास कार्य का शिलान्यास शामिल है। इससे पहले स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने हिमाचल तब और अब’ विषय पर आधारित विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने निर्वाचन विभाग के चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में भाग लिया और सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी भी ली। प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी और पूर्व विधायक तेजवंत नेगी ने किन्नौर विधानसभा क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस दौरान प्रदेश के गठन के 75 वर्ष के उपलक्ष्य में तैयार गीत और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा हिमाचल की विकास यात्रा पर आधारित वृत्तचित्र का प्रदर्शन भी किया गया। इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष निहाल चारस, जिला भाजपा अध्यक्ष संजीव हारा, उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक, एसपी किन्नौर विवेक चाहल सहित अन्य मौजूद रहे।