नेरवा (रोहड़ू)। पिछड़ी पंचायत धनत के हिराह गांव में एक व्यक्ति की पेड़ से गिर कर मौत हो गई। मृतक की पहचान जगत राम पुत्र जीता गांव हिराह, ग्राम पंचायत धनत डाकघर टिकरी के तौर पर हुई है। नेरवा अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जानकारी के अनुसार संक्रांति के लिए जगत राम अपने कुल ईष्ट मंदिर में बुरांस के फूलों की माला के लिए बुरांस के फूल लेने जंगल गया था। परंपरा के अनुसार बैसाख की संक्रांति में लोग मंदिरों की छतों पर घास की रस्सी में बुरांस के फूल पिरोकर लगाते हैं। पेड़ से फूल तोड़ते समय जगत राम अनियंत्रित होकर गिर गया। उसके सिर में गंभीर चोटें आने के बाद उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शव को नेरवा अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया। जगत राम आईआरडीपी परिवार से संबंध रखता था। वह दो छोटे बच्चे, पत्नी और पिता को छोड़ गया। प्रशासन की ओर से तहसीलदार नेरवा ऋषभ शर्मा ने मृतक के परिजनों को दस हजार रुपये बतौर फौरी राहत प्रदान की है। उन्होंने पेड़ से गिर कर व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है।