भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय ने जारी किए प्रमाणपत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन(रामपुर बुशहर)। कुमारसैन स्कूल के 50 मेधावी छात्र-छात्राओं को बेहतरीन प्रदर्शन पर राष्ट्र स्तर पर सम्मान हासिल हुआ है। इन छात्र छात्राओं ने युवा संसद की कार्यवाही में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। शिमला जिले के कुमारसैन क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है कि पीएमश्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुमारसैन के विद्यार्थियों को भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय ने प्रशंसा प्रमाणपत्र प्रदान किए हैं। यह सम्मान विद्यार्थियों को 26 जुलाई 2025 को आयोजित युवा संसद कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया गया। विद्यालय की प्रभारी अध्यापिका रजनी शर्मा के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने युवा संसद की कार्यवाही को अत्यंत सटीकता और गंभीरता से प्रस्तुत किया था। इस कार्यवाही की विस्तृत रिपोर्ट 30 जुलाई 2025 को मंत्रालय के पोर्टल पर अपलोड की गई थी, जिसे अक्तूबर 2025 में आधिकारिक स्वीकृति प्राप्त हुई। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं मार्गदर्शन के लिए विद्यालय की प्रधानाचार्या कमलेश शर्मा और प्रभारी अध्यापिका रजनी शर्मा को भी संसदीय कार्य मंत्रालय की ओर से प्रशंसा प्रमाणपत्र प्रदान किए गए हैं। प्रधानाचार्या कमलेश शर्मा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल विद्यालय के लिए, बल्कि पूरे कुमारसैन क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।