अमर उजाला ब्यूरो
चौपाल (रोहड़ू)। उपमंडल चौपाल के अंतर्गत झिकनीपुल-छतरधार वाया पौड़िया सड़क के बमटा ममवी से जुड़ने का कार्य अधर में लटका पड़ा है। सड़क की वर्ष 2006 में फॉरेस्ट और टेक्निकल क्लीयरेंस होने के बावजूद बारह साल में मात्र तीन किलोमीटर सड़क ही बन पाई है। सड़क की कुल लंबाई सात किलोमीटर थी। निर्माण के लिए धन की कमी के चलते इस मार्ग का निर्माण अधर में लटका है। इस मार्ग के बनने से ग्राम पंचायत पौड़िया के दर्जनों गांव लाभान्वित होने हैं। ग्राम पंचायत बमटा, माटल, थरोच, मड़ावग की पंचायतें भी इस सड़क से लाभान्वित होनी हैं। मार्ग निर्माण में जन प्रतिनिधि और लोक निर्माण विभाग ने कोई दिलचस्पी नहीं ली। मात्र तीन किलोमीटर सड़क बनने के बाद यह वाहन चलाने योग्य भी नहीं है। इस सड़क में ल्हासे गिरे हैं। ग्रामवासी कई वर्षों से सड़क बनाने की मांग कर रहे हैं। पूर्व पंचायत समिति सदस्य दिनेश गाजटा, उप प्रधान ग्राम पंचायत पौड़िया राम लाल थोपटा, पूर्व प्रधान कमला भागटा, लायक राम नामटा, केदार भागटा, सुरेश नेगी, मदन सरेगटा, भागमल, रमेश रांटा और यशपाल ने सरकार से आग्रह किया है कि झिकनीपुल छतरधार मार्ग का निर्माण कार्य जल्दी पूरा करवाया जाए। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जगदीश चंद कानूनगो ने कहा कि इस मार्ग का निर्माण बैकवार्ड प्लान के तहत हुआ था। उसके बाद इसके लिए बजट के अभाव के कारण कार्य रुका हुआ है। बजट उपलब्ध होने पर सड़क का निर्माण शुरू हो सकेगा।