दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था कैसे होगी मजबूत
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। चौपाल के दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था कैसे मजबूत होगी। चौपाल में बिजली बोर्ड में स्टाफ की भारी कमी चल रही है। विद्युत मंडल चौपाल के तहत कार्यालय स्टाफ, जेई और फील्ड स्टाफ के कुल 41 फीसदी पद रिक्त पड़े हैं। बिजली बोर्ड चौपाल के तीनों विद्युत उपमंडलों में चौपाल में पांच, नेरवा में एक और कुपवी में एक कनिष्ठ अभियंता के पद खाली है। मंडलीय कार्यालय में वरिष्ठ सहायक का एक, कनिष्ठ कार्यालय सहायक (जेओए) आईटी के तीन पद खाली हैं। उपमंडल कार्यालय चौपाल में कनिष्ठ कार्यालय सहायक के तीन, नेरवा में चार और कुपवी में दो पद खाली हैं। इससे कार्यालय के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बिजली बोर्ड की ड्राइंग ब्रांच पूरी तरह खाली पड़ी हुई है। इस ब्रांच में हेड ड्राफ्ट मैन (मुख्य प्रारूपकार) और सहायक प्रारूपकार के सभी पद खाली चल रहे हैं। इसके अलावा लेखाकार ब्रांच में वरिष्ठ सहायक का एक पद, मंडलीय कार्यालय में कनिष्ठ कार्यालय सहायक लेखा के दो पद, चौपाल उपमंडलीय कार्यालय में कार्यालय सहायक लेखा का एक पद, नेरवा उपमंडल में कार्यालय सहायक लेख का एक पद, कुपवी में एक पद खाली है। चौपाल में स्टोर कीपर का एक, सहायक स्टोर कीपर के दो, लाइनमैन के छह, फोरमैन के दो, टीमेट के तीन पद रिक्त हैं। नेरवा में लाइनमैन के 12 , इलेक्ट्रीशियन का एक, एसएसए का एक, कंप्यूटर ऑपरेटर का एक और टीमेट के सात पद खाली हैं। बहरहाल, विद्युत मंडल चौपाल में 41 फीसदी स्टाफ की कमी से जहां कार्यालयों के कार्य बाधित हो रहे हैं, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बार-बार बिजली बाधित होना आम बात हो गई है। हालांकि, आउट सोर्स फील्ड स्टाफ और बोर्ड कर्मचारी मुख्य लाइनों के सही रखरखाव से लोगों को राहत दे रहे हैं।
-अधिशासी अभियंता बिजली बोर्ड चौपाल गोवर्धन दिल्टा ने कहा कि खाली पदों की सूची सरकार को भेजी गई है। जल्द ही रिक्त पदों के भरने की उम्मीद है।