हर माह 1,2,15,16 तारीख
को कटेंगी रसोई गैस की पर्चियां
नेरवा (रोहड़ू)। नेरवा में गैस आवंटन के लिए पर्चियां कटवाने की तिथियां एवं स्थान निर्धारित कर दिए गए हैं। इस संबंध में गैस एजेंसी इंचार्ज चौपाल वीरेंद्र शर्मा ने व्यापारमंडल नेरवा और स्थानीय लोगों के साथ नेरवा में एक बैठक आयोजित की। बैठक में निर्णय लिया गया कि हर माह की 1, 2,15 एवं 16 तारीख को रसोई गैस की पर्चियां काटी जाएंगी। निर्धारित दिन को अवकाश होने पर यह एक दिन बाद काटी जाएंगी। जिस दिन यह पर्चियां काटी जाएंगी उसी दिन नेरवा में गैस मिलने का दिन भी बता दिया जाएगा। गैस की पर्चियां काटने के लिए हनी सूद के भवन में एक निजी बैंक के कार्यालय में स्थान निर्धारित किया गया है। निर्धारित तिथियों पर इस कार्यालय में सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक पर्चियां काटी जाएगी। जिसके तिथि के लिए पर्ची काटी गई होगी उसी तिथि पर गैस लेना अनिवार्य होगा। निर्धारित तिथि पर गैस न लेने पर यह पर्ची दूसरी तिथि के लिए मान्य नहीं होगी। व्यापार मंडल नेरवा के अध्यक्ष राजीव भिख्टा और गैस एजेंसी इंचार्ज वीरेंद्र शर्मा ने संयुक्त रूप से उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि लोगों को सुविधा देने के मकसद से नेरवा में यह सुविधा शुरू की जा रही है।