जुब्बल बस अड्डे के पास
बनाया जाए शॉपिंग कांप्लेक्स
जुब्बल के प्रतिनिधिमंडल विधायक के समक्ष रखे मुद्दे
कहा-नपं में कूड़ा संयंत्र और पार्किंग भी जल्द बनाई जाए
अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। नगर पंचायत जुब्बल के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक नरेंद्र बरागटा से मुलाकात करके उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया। प्रतिनिधिमंडल की अध्यक्षता नगर पंचायत जुब्बल के अध्यक्ष बृजलाल ने की। उन्होंने विधायक के सामने मांग रखी कि जुब्बल बस स्टैंड के पास एक शॉपिंग कांप्लेक्स का निर्माण करवाया जाए। इसके लिए नगर पंचायत के पास भूमि उपलब्ध है। उन्होंने नगर पंचायत में कूड़ा संयंत्र लगाने और छोटे वाहनों के लिए पार्किंग बनाने की मांग को भी प्रमुखता से रखा। विधायक ने सभी योजनाओं के लिए प्राथमिकता के आधार पर धन उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया है। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जुब्बल अस्पताल में डॉक्टरों के लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने और विकास कार्य में गति लाने के लिए विधायक का आभार जताया है। प्रतिनिधिमंडल में नगर पंचायत जुब्बल के उप प्रधान दिलीप चौहान, सदस्य लीला सूद, सुदर्शना सूद, अनु ससरामटा, मिया महावीर, देविंद्र सोक्टा, विशंबर शर्मा सहित नगर पंचायत से अन्य कई लोग शामिल रहे।