कंगोस स्कूल में नॉन मेडिकल शिक्षक का पद खाली
भावानगर (किन्नौर)। राजकीय उच्च विद्यालय कंगोस में टीजीटी नॉन मेडिकल का पद खाली होने से बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एसएमसी अध्यक्ष श्याम सुख नेगी ने बताया कि पिछले दिनों विद्यालय से गणित विषय की अध्यापिका का तबादला हो गया और उनके स्थान पर गणित विषय का कोई भी अध्यापक नहीं है। एसएमसी अध्यक्ष ने चिंता जताते हुए कहा कि गणित एक मुख्य विषय है। इस विषय का अध्यापक न होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि उच्च विद्यालय कंगोस में जल्द टीजीटी नॉन मेडिकल का पद भरा जाए। मुख्य अध्यापिका कंगोस रमा नेगी ने विद्यालय में गणित अध्यापक न होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि उच्चाधिकारियों को इस विषय में अवगत करवा दिया गया है। उम्मीद है कि जल्द खली पद को भर दिया जाएगा।