रिकांगपिओ (किन्नौर)। राजकीय महाविद्यालय सोलन में हाल ही में आयोजित दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के महिला वर्ग में रिकंागपिओ कॉलेज ने महिला वर्ग का खिताब जीत कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में रिकांगपिओ महाविद्यालय ने गत वर्ष के चैंपियन सिल्ब सोलन को सीधे सेटों में 3-0 से पराजित किया। रिकांगपिओ कॉलेज में मंगलवार को टीम के वापस पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। प्राचार्य राजेश नेगी ने टीम को बधाई दी। प्रतियोगिता में रिकंागपिओ कॉलेज का प्रतिनिधित्व छेवांग आगंमो, अनुराधा नेगी, मुस्कान और तमन्ना ने किया। गौर रहे कि छेवांग आगंमो और अनुराधा नेगी का चयन गत वर्ष भी हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की टीम में किया था और उन्होंने उत्तरी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में भाग लिया था। इस दौरान शारीरिक शिक्षा प्राध्यापक तेनजिन नेगी, कपूर चंद, भगवान सिंह, बालम नेगी, गीता नेगी, सिद्धेश्वरी, निर्मला नेगी, दिनेश नेगी और मोहन सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।