सांगला (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दूसरे दिन शनिवार सुबह को भी हल्की-हल्की बर्फबारी और निचले इलाकों में दिन भर बारिश हुई। बर्फबारी के बाद जिले में तापमान 0 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क गया है। इसके चलते जिले में शीत लहर का प्रकोप बढ़ गया है। कल्पा, पूह और निचार खंड के अधिकांश ऊंचाई वाले इलाकों में शनिवार सुबह से ही रुक-रुक कर हिमपात होता रहा। कल्पा का अधिकतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 0 डिग्री दर्ज किया गया। पर्यटन स्थल सांगला का अधिकतम तापमान 3 डिग्री और न्यूनतम तापमान -1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऐसे में लोग दिन भर हीटर और अलाव के पास ही नजर आए। एचआरटीसी रिकांगपिओ आरएम प्रेम कश्यप ने कहा कि जिले के सभी रूटों पर वाहनों की बराबर आवाजाही रही। रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार सुबह से ही मौसम खराब रहा। हालांकि सुबह के समय क्षेत्र में हल्की-हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई है। जिले में ठिठुरन अधिक बढ़ गई है।