कुमारसैन ठियोग कांग्रेस की बैठक को संबोधित करतीं पूर्व आईपीएच एंव बागवानी मंत्री विद्या स्टोक्स।
- फोटो : अमर उजाला
अमर उजाला ब्यूरो
ठियोग (रामपुर बुशहर)।
ठियोग-कुमारसैन कांग्रेस ब्लॉक की बैठक वीरवार को ठियोग में हुई। इस दौरान प्रदेश की पूर्व बागवानी मंत्री विद्या स्टोक्स भी मौजूद रहीं। पूर्व मंत्री के साथ एचपीटीडीसी के उपाध्यक्ष अतुल शर्मा भी बैठक में पहुंचे तो कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा और कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अतुल शर्मा को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। पार्टी से निकालने के बाद उन्हें मंच क्यों दिया गया, यह कार्यकर्ताओं को रास नहीं आया तो पूर्व बागवानी मंत्री के खिलाफ ही कार्यकर्ताओं ने नारे लगाने शुरू कर दिए। इस मौके पर विधानसभा चुनाव में ठियोग सीट से चुनाव लड़ चुके दीपक राठौर भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 के चुनाव के लिए घर-घर जाकर वोट मांग कर कांग्रेस के प्रत्याशी को विजयी बनाया जाएगा। साथ ही उन्होंने भी इस बात पर रोष जताया कि निष्कासित कार्यकर्ताओं को पार्टी में मंच देना एक कर्मठ कार्यकर्ता को अपमानित करने जैसा है। ब्लॉक अध्यक्ष ब्रह्मानंद शर्मा ने बताया कि बैठक में कार्यकर्ताओं की भीड़ साबित करती है कि कांग्रेस अब मजबूत हो रही है।