अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर।
आर्य पब्लिक स्कूल खनेरी में सोमवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में अधिवक्ता विनय मेहता बतौर मुख्यातिथि मौजूद हुए। वहीं, समारोह में बीडी चौहान विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मुख्यातिथि ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। प्रधानाचार्य विनोद अष्टू ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का स्वागत किया। उन्होंने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पेश कर स्कूल की ओर से वर्ष भर आयोजित गतिविधियों से मौजूद लोगों को अवगत करवाया। इसके बाद स्कूली बच्चों ने विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों पर प्रस्तुतियां दीं। सबसे पहले प्ले स्कूल और एलकेजी के बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्ले स्कूल के बच्चों ने लकड़ी की काठी, काठी का घोड़ा गाने पर शानदार नृत्य किया। एलकेजी के बच्चों ने दिल है छोटा सा, छोटी सी आशा, यूकेजी के बच्चों ने गुडमॉर्निंग गीत पर डांस पेश किया। इसके अलावा विद्यार्थियों ने किन्नौरी, पहाड़ी और फिल्मी गीतों पर एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम के अंत में मुख्यातिथि ने स्कूल के मेधावी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले मेधावियों में अंशुल, राहुल, धीरज, प्रिशित, पोमेश्वरी, शेखर, प्रीतम, शाहिद, कृतिका, प्रज्ञा, वंशिका, रितिका के अलावा अन्य विद्यार्थी मौजूद रहे। इस अवसर पर राजेंद्र ठाकुर, रीता चौहान, चद्रकांता, संदीपा जिष्टू, राकेश ठाकुर, लज्जा चौहान, सुनिला मेहता, मीनाक्षी, भावना नेगी, यशोदा, प्रिया, जमुना, हिना, सोनू और आशा के अलावा विद्यार्थियों के अभिभावक मौजूद रहे।