आराध्य देवता पनेउई नाग के अलावा मांहूनाग देवता भी होंगे शरीक, रात्रि संध्याओं के अलावा वॉलीबाल और रस्साकशी स्पर्धा भी होगी
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। कुंगश का तीन दिवसीय ऐतिहासिक एवं प्राचीन 20 आषाढ़ मेला धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। मेले के सफल आयोजन को लेकर मेला कमेटी की बैठक कमेटी अध्यक्ष एवं कुंगश पंचायत के प्रधान राकेश ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। उन्होंने कहा कि तीन जुलाई को क्षेत्र के आराध्य देवता पनेउई नाग के सानिध्य में आयोजित मेले में क्षेत्र के माहूंनाग देवता भी शरीक होंगे। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि मेले में क्षेत्र की महिला मंडल, स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अलावा लोगों के मनोरंजन के लिए दो रात्रि सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन भी होगा। इसमेंं प्रदेश के नामी लोक गायकों को आमंत्रित किया जाएगा। वहीं, दैनिक कार्यक्रमों में महिला मंडलों की प्रस्तुतियों के अलावा पुरुषों की वॉलीबाल और महिलाओं की रस्साकशी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा शुक्रवार से व्यापारियों के लिए प्लाट आवंटन शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही शुक्रवार को कलाकारों का भी चयन किया जाएगा। बैठक में कमेटी अध्यक्ष उपाध्यक्ष विनय ठाकुर, अमर ठाकुर, वेद ठाकुर, प्रताप शर्मा, रविंद्र कायथ, हरिकृष्ण, यशपाल, योगेश, अनिल, सनी, दिनेश कायथ, देवेेंद्र शर्मा, योगेश चौहान, विनोद, रघुनाथ और पंकज सहित कई सदस्य मौजूद रहे।