ननखड़ी (रामपुर बुशहर। विकास खंड ननखड़ी की मुख्य टिक्कर-खमाडी सड़क की मरम्मत न होने से ग्रामीणों में लोक निर्माण विभाग के प्रति रोष है। इसको लेकर परिवर्तन शिक्षा एवं विकास संस्था ननखड़ी 29 जून को लोक निर्माण विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। संस्था ने क्षेत्र के लोगों से आह्वान किया है कि इस दिन भारी संख्या में एकत्र होकर अपने अधिकार के लिए प्रदर्शन में शामिल हो कर इसे सफल बनाएं। परिवर्तन शिक्षा एवं विकास संस्था ननखड़ी के अध्यक्ष राजेश खूंद ने कहा कि लोक निर्माण विभाग टिक्कर-खमाडी के निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार से काम करवाने में नाकाम साबित हो रहा है, जबकि इस सड़क के लिए करोड़ों रुपयों की राशि उपलब्ध करवाई गई है। बावजूद इसके ठेकेदार ने पिछले दो सालों से सड़क का काम बंद रखा है। इसका खामियाजा क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि टिक्कर-खमाडी सड़क क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण सड़क है, जिसमें रोजाना सैकड़ों लोग सफर करते हैं। सड़क की हालत सुधारने के लिए कई बार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से लिखित और मौखिक रूप से भी मांग उठाई गई, लेकिन लोनिवि इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। ठेकेदार भी दो सालों से काम नहीं कर रहा है। करोड़ों के बजट का प्रावधान होने के बावजूद सड़क की हालत खस्ता बनी हुई है। क्षेत्र में सेब सीजन भी शुरू होना वाला है। यदि सड़क की हालत समय रहते नहीं सुधारी जाती तो क्षेत्र के बागवानों को लाखों रुपयों का नुकसान उठाना पड़ सकता है। ट्रक चालक भी इस सड़क पर चलने से कतराते हैं। यदि कोई आता भी है तो वह भी प्रति पेटी दाम अधिक वसूलता है, जिसके विरोध में आगामी 29 जून को संस्था ने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलेगी।