खो-खो और कबड्डी स्पर्धा में
सराहन पब्लिक स्कूल रहा प्रथम
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झाकड़ी में आयोजित शिक्षा खंड सराहन की अंडर-14 खेल प्रतियोगिता संपन्न हो गई। यह खेल प्रतियोगिता 18 से 21 जून तक चली। इसमें लंबी दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, खो-खो, कबड्डी, वॉलीबाल और बैडमिंटन आदि खेलों का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में सराहन पब्लिक स्कूल के छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर स्कूल का नाम रोशन किया है। छात्र वर्ग के खो-खो और कबड्डी मुकाबले में स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं 400 मीटर दौड़ में स्कूल के देवांश ने प्रथम, 200 और 600 मीटर दौड़ में स्कूल के राजदत्त ने प्रथम, छात्रा वर्ग की 600 मीटर दौड़ में स्कूल की पलक ने पहला, 400 मीटर में दूसरा और 400 मीटर दौड़ में स्कूल की सानिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं शॉटपुट में देवांश ने तीसरा और पलक ने डिस्कस थ्रो में प्रथम स्थान हासिल किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य कुंजुम बिष्ट, सलाहकार कनिका बिष्ट और विद्यालय के शिक्षक वर्ग ने छात्रों के बेहतरीन प्रदर्शन पर खुशी जताई है।