अमर उजाला ब्यूरो
तकलेच (रामपुर बुशहर)। रामपुर उपमंडल की 12/20 वैली के कीम गांव के आराध्य देवता साहिब नगेला का जन्मदिवस शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। देवता साहिब के जन्मदिवस पर वैली के ग्रामीणों ने दिनभर नाटी डाली। मंदिर में इस मौके पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। देवता नगेला के मोतमीन किशोरी लाल एवं पुजारी रवि कायथ ने कहा कि देवता नगेला के मंदिर से कभी भी कोई भक्त खाली हाथ नहीं लौटता। बुशहर के साथ-साथ कुल्लू के बाह्य सराज क्षेत्र में भी देवता नगेला की बहुत मान्यता है। बारहबीस के सभी क्षेत्रवासियों की देवता साहिब नगेला में अपार आस्था है। देवता नगेला मंदिर से बाहर आकर सभी भक्तों को दर्शन देकर सबके कष्ट हरते हैं। इस मौके पर मंदिर कमेटी की ओर से भंडारे का भी आयोजन किया गया। इस मौके पर मंदिर कमेटी प्रधान देवराज चौहान, सचिव शावणु, महेश नोहरा, विनोद मेहता, शेखर और अजय स्थानीय महिला मंडल एवं सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।