बारिश, बर्फबारी से फिर जनजीवन प्रभावित
चोटियों पर हिमपात से बढ़ी शीत लहर
रोहडू। क्षेत्र में रविवार रात से हो रही लगातार बारिश के कारण पूरे क्षेत्र में जनजीवन पर फिर असर पडा है। सोमवार को सुबह से शाम तक पूरे क्षेत्र के निचले भागों में बारिश और ऊंचाई वाले स्थानों पर हिमपात का क्रम जारी है। चोटियों पर लगातार हिमपात के बाद शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। सोमवार शाम को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात शुरू होने की सूचना के बाद परिवहन निगम ने बस सेवा रद्द कर दी है। अरू के ग्रामीण क्षेत्रों के मार्गों पर यातायात पूरा दिन सामान्य रहा है। रोहडू शिमला, रोहड़ू रामपुर और रोहड़ू टिक्कर के बीच सोमवार को बस सेवाएं चलती रहीं। क्षेत्र के कुछ ऊंचाई वाले गांव के रूटों पर हिमपात की अधिक संभावना के चलते निगम ने बस सेवाएं शाम के समय से बंद की है। परिवहन निगम के क्षेत्रिय प्रबंधन विनोद शर्मा ने बताया कि लगभग सभी रूटों पर यातायात सोमवार को दिन भर सामान्य चला है, लेकिन कुछ रूटों पर शाम की बस सेवाओं को रोका गया है।