रैली से दिया नशे से दूर रहने का संदेश
नेरवा स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
चौपाल (रोहड़ू)। विश्व मादक द्रव्य दिवस का आयोजन राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नेरवा में उपमंडल अधिकारी चौपाल मुकेश रिपासवाल की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय नेरवा, राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नेरवा, जाखू पब्लिक स्कूल नेरवा, हिमालयन पब्लिक स्कूल, हिमाद्री पब्लिक स्कूल, नेरवा पब्लिक स्कूल, एसडी पब्लिक स्कूल और सरस्वती विद्या मंदिर नेरवा के करीब ढाई हजार छात्रों ने नेरवा बाजार में रैली निकाल कर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नेरवा के प्रांगण में भाषण, पेंटिंग, नुक्कड़ नाटक और नारा लेखन आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्रों ने नशे से होने वाले कुप्रभावों पर प्रकाश डाला। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वाले छात्रों को एसडीएम चौपाल ने सम्मानित किया। इस अवसर पर डीएसपी चौपाल संतोष शर्मा, डीएसपी प्रोबेशन प्रियन गुप्ता, तहसील कल्याण अधिकारी चौपाल सुरेंद्र, एसएचओ नेरवा कुलवंत कंवर और स्वास्थ्य अधिकारी नेरवा डॉ. गुलाब सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।