चौपाल मे आयोजित वन महोत्सव के दौरान
चौपाल (रोहड़ू)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरैन की एनएसएस इकाई और वन विभाग सरैन की टीम ने वन महोत्सव पर स्थानीय संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और लोगों के सहयोग से करीब 1500 देवदार के पौधे रोपे। यह अभियान दो दिन तक चला। पहले दिन एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को पौधे दिए गए और उन्होंने अपनी माताओं के साथ घर पर पौधे रोपे। साथ ही स्मृति स्वरूप तस्वीरें भी लीं। दूसरे दिन सामूहिक पौधरोपण का आयोजन हुआ। इसमें अभिभावकों, विद्यार्थियों, महिला मंडल, व्यापारिक, धार्मिक, राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवा कांग्रेस नेता एवं राष्ट्रीय सह सचिव कांग्रेस सुरेंद्र शर्मा ने स्वयं पांच देवदार के पौधे रोपे। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रताप सिंह नेगी, एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी ललित कुमार हिमटा और रेंज ऑफिसर राजीव छिन्टा को इस पुनीत एवं प्रेरणादायी कार्य के लिए बधाई दी। कार्यक्रम में राजकीय संस्कृति महाविद्यालय सरैन के प्राचार्य रितेश, सरैन पंचायत के प्रधान नरेंद्र झरटा, उपप्रधान निखिल शर्मा, व्यापार मंडल महामंत्री यशवंत हिमटा, चुड़ेश्वर सेवा समिति के प्रमुख सदस्य ठाकुर लायक़ राम, महामाया पब्लिक स्कूल, एकल अभियान, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दीप राम, शिक्षक और सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।