रोहडू़। बिजली बोर्ड के दो मंडलों से चोर पिछले एक साल में 15 ट्रांसफार्मर उड़ा चुके हैं। इस वजह से बिजली बोर्ड को लाखों का नुकसान झेलना पड़ रहा है तो वहीं बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित होने से उपभोक्ताओं को खासी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। हर साल सर्दियों में चोर गिरोह बिजली के ट्रांसफार्मर उड़ाने में सक्रिय हो जाते हैं।
चोरी होने के बाद कई गांव में लोगों की बिजली गुल रहती है तो कई जगह उठाऊ पेयजल योजनाएं ठप हो जाती हैं। चिंता की बात यह है कि बिजली बोर्ड के रोहडू़ मंडल के तहत बीते 27 दिसंबर से अभी तक दो सप्ताह के भीतर ही में बिजली के तीन ट्रांसफार्मर चोरी हो चुके हैं। पहला मामला हाटकोटी-शिमला मुख्य मार्ग का है।
यहां नालू में उठाऊ पेयजल ट्रांसफार्मर चोरों को उड़ाया। इसके अगले दिन झल्टू गांव के साथ लगे ट्रांसफार्मर चोरों चुरा लिया। दो दिन पहले रोहडू़ में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए लगा बिजली का ट्रांसफार्मर भी चोरी हो गया है। बीते सप्ताह जुब्बल तहसील के खड़ापत्थर में भी बिजली का ट्रांसफार्मर चोरी होने का मामला सामने आ चुका है। दो सप्ताह में रोहडू़ और जुब्बल से बिजली के चार ट्रांसफार्मर चोरी हो चुके हैं।
एक साल की बात की जाए तो रोहडू़ और जुब्बल मंडल में बिजली ट्रांसफार्मर चोरी के 15 मामले सामने आ चुके हैं। इसमें जुब्बल मंडल के तहत चार, रोहडू़ बिजली बोर्ड मंडल के तहत चिड़गांव में छह, रोहडू़ पांच और टिक्कर सब डिविजन में दो ट्रांसफार्मर चोरी के मामले शामिल हैं। ट्रांसफार्मर चोरी होने के बाद बिजली बोर्ड को दोबारा नए ट्रांसफार्मर लगाने और इसकी औपचारिकता में कई बार सप्ताह तक का समय निकल जाता है। ऐसे में आम लोगों को सर्दियों के मौसम में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पुलिस की सक्रियता और शिकायत दर्ज होने के बाद मामले में शामिल चोरों का सुराग नहीं मिल रहा है।
ट्रांसफार्मर चोरी होने के मामले सामने आ रहे हैं। बोर्ड ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। चोर रात के समय चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
संजीव रावत, अधिशासी अभियंता बिजली बोर्ड रोहडू़