.किल्बा के रेता खान के पास सोमवार को हुआ हादसा
क्यूआरटी और जेएसडब्ल्यू के गोताखोरों ने दिनभर की तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिले के किल्बा में सोमवार दोपहर को सतलुज नदी में दोस्तों के साथ तैर रहा 14 वर्षीय किशोर डूब गया। किशोर की तलाश में क्यूआरटी टीम, जेएसडब्ल्यू, पुलिस थाना सांगला और कड़छम चौकी के जवान जुटे हुए हैं। सोमवार को दिनभर तलाश करने के बाद कोई सुराग नहीं लगा। अब मंगलवार को फिर से सतलुज नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। सोमवार दोपहर 2:30 बजे नेपाल मूल के चार किशोर विकास (14), सुनील कुमार (13), नवीन कुमार (12) और आशीष (12) किल्बा की रेता खान के पास दाखोदेन में सतलुज नदी में तैर रहे थे। इस दौरान नेपाल मूल के विकास पुत्र देश राज निवासी सतलुज में डूब गया, जबकि उसके सभी साथी घटना के बाद सतलुज से बाहर निकल आए। उन्होंने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। मजदूरों ने घटना की सूचना पुलिस थाना सांगला को दी। सूचना मिलते ही लापता किशोर की तलाश में पुलिस और होमगार्ड की क्यूआरटी, जेएसडब्ल्यू के गोताखोर, पुलिस थाना सांगला और कड़छम के जवान जुट गए। देर शाम तक लापता किशोर की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। रेस्क्यू टीम ने रेता खान से लेकर चोलिंग तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन नदी में डूबे किशोर का कोई सुराग नहीं मिल पाया। लापता के परिजन किल्बा में मजदूरी करते हैं। पुलिस अधीक्षक किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि क्यूआरटी और पुलिस के जवान किशोर की तलाश कर रहे हैं। अब मंगलवार को फिर से सतलुज नदी में तलाशी अभियान चलाया जाएगा।