अमर उजाला ब्यूरो
निरमंड (रामपुर बुशहर)। निरमंड विकास खंड में बीपीएल सूची में शामिल अपात्र परिवारों को हटाने और पात्र परिवारों को जोड़ने के बारे में सरकार के दिशानिर्देशों के अनुसार 90 दिनों की कार्य योजना बनाई गई है। इस संबंध में विकास खंड निरमंड में प्रधानों, उप प्रधानों, पंचायत सचिवों, ग्राम रोजगार सेवकों और तकनीकी सहायकों के साथ बीपीएल सूची में संशोधन करने के लिए बैठकों का आयोजन किया गया। इसके लिए विकास खंड निरमंड की ओर से कार्य योजना तैयार की जा चुकी है। कार्य को सफल बनाने के लिए पांच फरवरी तक क्षेत्र में योजना का प्रचार-प्रसार ग्राम पंचायत में वार्ड स्तर तक किया गया और पंचायत खंड स्तर पर बीपीएल सूची उपलब्ध की गई। खंड विकास अधिकारी निरमंड शांति देवी ने यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में तैयार की गई विस्तृत कार्य योजना के बारे में बताया कि 13 फरवरी तक खंड विकास अधिकारी निरमंड के कार्यालय में बीपीएल परिवारों से संबंधित शिकायतें ली जाएंगी और 15 से 18 फरवरी तक शिकायतों की वार्ड स्तर पर छंटनी की जाएगी। 19 फरवरी से 1 मार्च तक जिला प्रशासन की ओर से नियुक्त कमेटी शिकायतों का सत्यापन करेगी। इसके बाद बीपीएल सूची की चर्चा के लिए वार्ड स्तर पर ग्राम उप सभाओं का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभाओं के दौरान ही सत्यापन कमेटी की उपस्थिति में सभी आपत्तियों की रिपोर्ट तैयार की जाएगी। यह कार्य तीन से 14 मार्च तक चलेगा।19 से 23 मार्च तक सत्यापन कमेटी की ओर से दी गई समस्त रिपोर्ट का खंड स्तर पर आकलन किया जाएगा। इसके उपरांत सभी पंचायतों में आयोजित ग्राम सभाओं में समिति की रिपोर्ट को ग्राम सभा पटल पर रखा जाएगा। अपात्र परिवारों को बीपीएल सूची से बाहर कर पात्र परिवारों को सूची में शामिल किया जाएगा। 23 से 26 अप्रैल तक खंड विकास अधिकारी निरमंड की ओर से सभी रिपोर्ट का उपायुक्त कुल्लू के समक्ष रखा जाएगा। खंड विकास अधिकारी निरमंड ने बताया कि बीपीएल परिवारों की सूची में अपात्र परिवारों को हटाने और पात्र परिवारों को जोड़ने की यह प्रक्रिया 23 अप्रैल तक चलेगी।