धाली गांव में विधायक नरेंद्र बरागटा का स्वागत करते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
अमर उजाला ब्यूरो
कोटखाई (रोहड़ू)। विधायक नरेंद्र बरागटा ने सोमवार को क्यारी पंचायत के धाली गांव और पराली पंचायत का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जन समस्याओं को सुना। विधायक बनने के बाद पहली बार गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल नगाड़ों के साथ बरागटा का स्वागत किया। इस मौके पर एसडीएम ठियोग सहित विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारी भी मौजूद रहे। दौरे के दौरान बरागटा ने कहा कि जुब्बल नावर कोटखाई को पांच वर्षों में आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने का प्रयास किया जाएगा। पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कई योजनाओं को राजनीतिक द्वेष की भावना से लटकाया गया था। उन सभी योजनाओं को तेजी से शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वह राजनीतिक द्वेष की भावना से कार्य नहीं करेंगे। जितने भी कार्य अधर में लटके हैं, सभी कार्यों के लिए बजट की व्यवस्था कर पूरा किया जाएगा। अधर में लटकी सड़कों का निर्माण भी किया जाएगा। बरागटा ने बताया कि क्षेत्र में पेयजल किल्लत से लोग जूझ रहे हैं। पेयजल किल्लत को दूर करने के लिए उपयोगी कदम उठाए जाएंगे। वह स्वयं गांवों का दौरा कर जन समस्याओं को सुनेंगे। लोगों की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इस मौके पर एसडीएम ठियोग मोहन शर्मा, विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता एमएल लट्ठ, लोनिवि के अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर, तहसीलदार कोटखाई, भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपाल जबैईक, जिला महामंत्री रावेंद्र चौहान, युवा मोर्चा अध्यक्ष अशोक जस्टा, पनोग पंचायत प्रधान दलीप जस्टा, बघार पंचायत प्रधान राजेश शर्मा, क्यारी पंचायत प्रधान हरपाल चौहान, पराली पंचायत प्रधान पुष्पा कंवर, शिली पंचायत प्रधान अंबिका धर्मेइक, पंचायत समिति सदस्य प्रभुदयाल सहित भारी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।