जंगल में हत्याकांड की सीबीआई करे जांच
भेड़पालक के पुत्र और ग्रामीणों ने उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर।
पुलिस थाना झाकड़ी के तहत आने वाली धारगौरा पंचायत के कापटी गांव के भेड़पालक काली राम की हत्या के मामले की उसके बेटे रूप लाल और कापटी के ग्रामीणों ने सीबीआई से जांच करने की मांग की है। मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाने की मांग की है। रूपलाल ने एसपी शिमला को पत्र भेजकर इस मामले की जांच के लिए सीबीआई को मामला सौंपने की मांग उठाई है। गौरतलब है कि गत 20 अप्रैल को धारगौरा पंचायत के फनौटी के जंगल में भेड़पालक काली राम की निर्मम हत्या की गई थी। इसके बाद जब वह घर नहीं पहुंचा तो उसके परिजनों ने उसकी तलाश जंगल में की। जंगल में काली राम का शव अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला था। इसके बाद झाकड़ी पुलिस को इस मामले की सूचना दी गई थी और पुलिस ने पांच लोगों को भी गिरफ्तार किया था। पुलिस ने भादंसं की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी थी। रूप लाल और ग्रामीणों ने पुलिस की पक्षपातपूर्ण कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इस मामले में चार लोगों को जमानत दी गई है, जो न्यायसंगत नहीं है। इसको लेकर कापटी गांव के लोगों में रोष है। ग्रामीणों ने पुलिस पर आरोपियों को बचाने का प्रयास करने के आरोप लगाए हैं। रूप लाल और ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर रोष जताया है और एसपी शिमला को पत्र भेजकर इस मामले की जांच सीबीआई से करने की गुहार लगाई है।