बद्दी के काठा स्थित ईएसआईसी अस्पताल में बच्चे के टीके लगाते हुए संस्था की वर्कर- संवाद।
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। ईएसआईसी मॉडल अस्पताल काठा में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में क्षेत्र के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को आवश्यक टीके लगाए गए। सत्र के दौरान कुल 12 बच्चों एवं 8 गर्भवती महिलाओं का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया गया। टीकाकरण कार्य स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से सुचारू रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर आईआरजी एनजीओ की वैक्सीनेटर श्वेता शर्मा एवं रीना शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दोनों स्वास्थ्य कार्यकर्ता प्रत्येक गुरुवार को टीकाकरण सत्र में उपस्थित रहकर लाभार्थियों को सहयोग एवं जागरूकता प्रदान करती हैं। सत्र के दौरान उपस्थित माताओं को समय पर टीकाकरण के महत्व, बच्चों को संक्रामक बीमारियों से बचाने में टीकों की भूमिका और गर्भावस्था के दौरान आवश्यक टीकों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच, पोषण, स्वच्छता एवं सुरक्षित मातृत्व के प्रति भी जागरूक किया गया।