पुलिस ने गैंगरेप में धारा 376डी और आपराधिक धमकी देने पर 506 के तहत आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता को एक माह में दो से तीन बार निशानदेही के लिए भी लाया जा चुका है। पुलिस आरोपियों को भी पूछताछ के लिए बुला चुकी है। सोलन के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह के अनुसार महिला का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने उसे जबरन शराब पिलाकर उसके साथ दुराचार किया और उसकी अश्लील फोटो और वीडियो भी बनाई। यही नहीं, आरोपियों ने उसे जान से मारने की भी धमकी दी, जिस कारण वह डर गई थी।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 3 जुलाई, 2023 को वह अपनी सहेली के साथ कसौली घूमने आई थी। वे कसौली में एक होटल में ठहरे थे। शाम करीब 5:00 बजे वे होटल पहुंचे और 7:00 बजे अपनी सहेली के साथ घूम रही थी। उसी होटल में ठहरे बडौली और मित्तल से उनकी मुलाकात हुई। बडौली ने खुद को राजनेता और मित्तल ने खुद को सिंगर बताया। बात करते हुए वे उन्हें अपने कमरे में ले गए और कहा कि बैठकर बात करेंगे। मित्तल ने कहा कि वह मुझे अपनी एलबम में अभिनेत्री का रोल देगा और बडौली ने कहा कि वह सरकारी नौकरी दिलवाएगा। पीड़िता का आरोप है कि दोनों ने उसे शराब ऑफर की, लेकिन उसने इन्कार कर दिया। मना करने के बावजूद उन्होंने बातों-बातों में उन्हें जबरन शराब पिलाई। इसके बाद उन्होंने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इसका उसने विरोध किया।
पीड़िता का आरोप है कि उसकी सहेली को धमकाकर एक तरफ बैठा दिया और उसके साथ बारी-बारी दुष्कर्म किया। करीब दो महीने पहले आरोपियों ने डरा-धमकाकर उन्हें पंचकूला बुलाया। वहां पर उन्हें झूठे मामले में फंसाने का प्रयास किया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उनके फोन में उसकी वीडियो व फोटो हैं, जिन्हें डिलीट करवाया जाए।
पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने 13 दिसंबर, 2024 को कसौली थाना में मोहल लाल बडौली और जय भगवान ऊर्फ रॉकी मित्तल के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। हालांकि यह मामला जुलाई 2023 का है। पुलिस ने कड़ा संज्ञान लेते हुए इसकी तुंरत जांच शुरू कर दी है। - गौरव सिंह, पुलिस अधीक्षक, सोलन