जोगिंद्रनगर शहर अधिक दूषित वाटर कूलर के पानी का इस्तेमाल न करने को लेकर लगाया गया नोटिस। संवा
जोगिंद्रनगर (मंडी)। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर के पास दानी सज्जनों के सहयोग से स्थापित किए गए वाटर कूलर का पानी पीने योग्य नहीं है। जलशक्ति विभाग की ओर से भरा गया पानी का सैंपल फेल हो गया है। वहीं, बाजारों में स्थापित जल भंडारण टैंकों में भी गंदगी के ढेर मिले हैं। बस अड्डे में स्थापित एक वाटर कूलर पर पानी मटमैला होने के कारण इसका इस्तेमाल न करने संबंधी नोटिस भी चस्पा दिया है।
जानकारी के अनुसार अस्पताल में जल जनित रोग से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ने पर जलशक्ति विभाग सक्रिय हो गया है। शनिवार और रविरा को विभागीय टीम ने जोगिंद्रनगर बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, लक्ष्मी बाजार में जब वाटर कूलरों की जांच की तो उनमें भारी मात्रा गंदगी मिली है। कई वाटर कूलरों के नलों से मटमैला पानी आया।
इसके बाद जलशक्ति विभाग की टीम ने कुछ कूलरों की सफाई कर दी है। जल शक्ति विभाग जोगिंद्रनगर उपमंडल के सहायक अभियंता प्रकाश चंद ने बताया कि शहरी क्षेत्र में दानी सज्जनों के द्वारा भेंट किए गए वाटर कूलरों और जल भंडारण टैंकों में जांच के दौरान गंदगी पाई गई है। इसकी वीडियो रिपोर्ट भी उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। कुछ कूलरों से पानी की आपूर्ति रोक दी है।
जल शक्ति विभाग ने जांच के लिए चंडीगढ़ भेजे पेयजल के सैंपल
जोगिंद्रनगर क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे जल जनित रोगों के मरीजों की संख्या देखकर अब जल शक्ति विभाग ने शहरी क्षेत्र से पानी के 10 सैंपल भर कर जांच के लिए चंडीगढ़ स्थित प्रयोगशाला में भेजे हैं। अगर पानी के सैंपल में कोई खामी पाई जाती है तो विभाग चिह्नित स्रोतों से पानी की आपूर्ति में रोक लगा सकता है। चडीगढ़ की प्रयोगशाला से पानी के सैंपल की रिपोर्ट इसी सप्ताह आने की उम्मीद है।
जल शक्ति विभाग ते अधिशाषी अभियंता राकेश कुमार ने कहा कि जोगिंद्रनगर शहरी क्षेत्र के सार्वजनिक नलों से पानी के सैंपल जांच के लिए चंडीगढ़ स्थित प्रयोगशाला में भेजे हैं। इसकी रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जोगिंद्रनगर शहर अधिक दूषित वाटर कूलर के पानी का इस्तेमाल न करने को लेकर लगाया गया नोटिस। संवा